ताजा खबर
डिपो संचालक, वाहन मालिक और ड्राइवर गिरफ्तार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 26 मई। हिर्री पुलिस ने कोयला कारोबार में चल रहे फर्जीवाड़े का पर्दाफाश करते हुए डिपो संचालक, वाहन मालिक और तीन ड्राइवरों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि एसईसीएल खदान से निकाले गए उच्च गुणवत्ता वाले कोयले को रास्ते में बदलकर उसकी जगह कम गुणवत्ता वाला कोयला भेजा जा रहा था।
पुलिस के मुताबिक, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही निवासी कारोबारी आशीष केशरी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह कोयला परिवहन और लिफ्टिंग का काम करते हैं। एसईसीएल अमेरा-विश्रामपुर क्षेत्र से जी-6 ग्रेड का उच्च गुणवत्ता वाला कोयला तीन ट्रेलरों में लोड कर रायपुर के सिलतरा स्थित गोपाल स्पॉन्ज एंड पावर प्राइवेट लिमिटेड भेजा गया था।
आरोप है कि पेंड्रीडीह चौक के पास वाहन मालिक गंगा प्रसाद साहू और उसके सहयोगी ने ट्रेलरों को रोक लिया और उन्हें नरेश अग्रवाल के कोल डिपो ले जाया गया। वहां प्रत्येक ट्रेलर से लगभग पांच-पांच टन उच्च गुणवत्ता वाला कोयला उतारकर उसकी जगह कम गुणवत्ता वाला 4700 जीसीवी कोयला भर दिया गया। इसके बाद वाहनों को सिलतरा रवाना कर डिलीवरी पूरी कराई गई।
मामले की शिकायत मिलने के बाद हिर्री थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। डीआईजी एवं एसएसपी रजनेश सिंह, एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह और सीएसपी डी.आर. टंडन के निर्देशन में थाना प्रभारी दामोदर मिश्रा ने विशेष टीम गठित की। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया, गवाहों के बयान लिए और कम गुणवत्ता वाले कोयले के नमूने जब्त कर परीक्षण के लिए भेजे।
जांच के आधार पर डिपो संचालक नरेश अग्रवाल, वाहन मालिक गंगा प्रसाद साहू और ड्राइवर फिरोज अंसारी, निसार अंसारी तथा इमरान अंसारी को गिरफ्तार कर लिया गया। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


