ताजा खबर
पुलिस ने बीच रास्ते रोकी कार, जब्त
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 26 मई। बिलासपुर-रायपुर हाईवे पर तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार की सनरूफ से बाहर निकलकर डांस करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद चकरभाठा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वाहन जब्त कर लिया है। पुलिस ने चालक समेत अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक 24 मई को इंस्टाग्राम पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें बीएमडब्ल्यू कार क्रमांक सीजी 10 सीए 3999 हाईवे पर तेज गति और लापरवाही से दौड़ती दिखाई दे रही थी। वीडियो में चालक और उसके साथ मौजूद युवती कार की सनरूफ से बाहर निकलकर डांस करते नजर आए। इस दौरान सड़क सुरक्षा नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही थी।
मामले की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों ने तुरंत वाहन को रोकने और कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद चकरभाठा थाना पुलिस ने कार को पकड़कर थाने लाया। पूछताछ में चालक प्रतीक लूथर ने स्वीकार किया कि उसने वाहन चलाते समय यातायात नियमों का उल्लंघन किया था।
पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और चालक सहित अन्य संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क पर इस तरह की लापरवाही न केवल खुद की बल्कि अन्य लोगों की जान के लिए भी खतरा बन सकती है।
हाल के दिनों में सोशल मीडिया रील और वायरल वीडियो बनाने की होड़ में युवाओं द्वारा सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मनोरंजन और लोकप्रियता के लिए अपनी और दूसरों की जान जोखिम में न डालें।


