ताजा खबर
लीगल मामलों को रिपोर्ट करने वालीं वेबसाइट 'लाइव लॉ' और 'बार एंड बेंच' के मुताबिक़, 'कॉकरोच जनता पार्टी' के संस्थापक अभिजीत दीपके ने पार्टी के एक्स अकाउंट को ब्लॉक किए जाने के ख़िलाफ़ दिल्ली हाई कोर्ट का रुख़ किया है.
'कॉकरोच जनता पार्टी' एक व्यंग्यात्मक सोशल मीडिया अभियान है, जो सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत की एक मौखिक टिप्पणी के बाद शुरू हुआ था.
सुनवाई के दौरान सीजेआई ने ऑनलाइन एक्टिविज़्म की आड़ में व्यवस्था पर हमला करने वाले बेरोज़गार युवाओं की तुलना 'कॉकरोच' से की थी. बाद में सीजेआई ने स्पष्ट किया था कि उनका इशारा फ़र्ज़ी डिग्री रखने वाले लोगों की तरफ़ था.
'कॉकरोच जनता पार्टी' के एक्स अकाउंट को निलंबित कर दिया गया था. इसके बाद एक दूसरे अकाउंट से पार्टी ने एक्स पर फिर एंट्री की.
'कॉकरोच जनता पार्टी' को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को टिप्पणी भी की.
मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत ने एक याचिकाकर्ता से कहा कि वह 'कॉकरोच जनता पार्टी' के मुद्दे को लेकर इतना भावुक न हों. यह टिप्पणी उस समय आई जब एक वकील ने इससे जुड़ी याचिका पर तत्काल सुनवाई करने की मांग की. (bbc.com/hindi)


