ताजा खबर
सांसद बृजमोहन ने सीएम से मांगी तत्काल मंजूरी
रायपुर, 25 मई। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर आरंग विकासखंड के 33 गांवों में पेयजल संकट के स्थायी समाधान के लिए महानदी पर बेनीडीह में प्रस्तावित चपरीद एनीकट निर्माण योजना को तत्काल स्वीकृति देने की मांग की है। उन्होंने बताया कि ग्राम रीवा, लखौली समेत 33 गांवों में भूजल स्तर लगातार गिरने से पेयजल की भारी किल्लत हो गई है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं जल संसाधन विभाग ने रीवा समूह जल प्रदाय योजना के तहत 148.37 करोड़ रुपये की लागत से यह प्रस्ताव तैयार किया है, जो 2024-25 के बजट में भी शामिल था।
अग्रवाल ने कहा कि इस योजना से रीवा, लखौली, कुकरा, बिरबिरा, बरभाठा, बोड़रा, छतौना समेत कुल 33 जलस्रोत-विहीन गांवों को सालाना करीब 3 एमसीएम पेयजल मिलेगा। साथ ही 1198 हेक्टेयर क्षेत्र में खरीफ फसल के लिए लिफ्ट सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे 1138 हेक्टेयर में सिंचाई क्षमता बढ़ेगी और 7584 किसानों को सीधा फायदा होगा। प्रस्तावित एनीकट में 7.63 मिलियन घन मीटर पानी संग्रहित होगा, जिससे भूजल स्तर बढ़ेगा और पर्यावरण को भी लाभ मिलेगा।
सांसद अग्रवाल ने पत्र में स्पष्ट किया कि इस योजना से कोई डूब क्षेत्र नहीं बनेगा और न ही निजी, शासकीय, वन भूमि या आबादी पर कोई प्रतिकूल असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि इससे आरंग क्षेत्र से महासमुंद जिले के गांवों तक आवागमन भी सुगम होगा। मुख्यमंत्री से जनहित में इस महत्वपूर्ण योजना को जल्द मंजूरी देने का आग्रह करते हुए उन्होंने कहा कि इससे हजारों ग्रामीणों और किसानों को राहत मिलेगी।


