ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
कांकेर, 25 मई। कांकेर जिले के अंतागढ़ में अभी भी पुलिस जवानों के द्वारा सर्चिंग अभियान लगातार जारी है। इसी तारतम्य में जवानों ने जंगल में सर्चिंग के दौरान नक्सलियों के द्वारा छुपाये ड्रम में भरे सुतली बम को डिफ्यूज कर दिया है।
ज्ञात हो कि नक्सल उन्मूलन अभियान के बाद क्षेत्र में लगातार सर्चिंग अभियान जाती है। सुरक्षा बलों को लगातार नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए विस्फोटक और अन्य सामग्री बरामद हो रही है। इसी क्रम में सोमवार को कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र के गोमे–गट्टाकाल की पहाड़ी तराई में भारी मात्रा में सुतली बम बरामद किए गए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि नक्सलियों ने इन सुतली बमों को जमीन के नीचे प्लास्टिक ड्रम में छिपाकर रखा था। सर्चिंग अभियान के दौरान सुरक्षा बलों और कोयलीबेड़ा पुलिस की टीम ने संदिग्ध स्थान की जांच की, जहां से विस्फोटक सामग्री बरामद हुई। पुलिस ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए मौके पर ही सभी सुतली बमों को नष्ट कर दिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नक्सल प्रभावित इलाकों में लगातार सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है और छिपाकर रखे गए हथियार, विस्फोटक तथा अन्य सामग्री की तलाश जारी है।


