ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
कोण्डागांव, 25 मई। कोण्डागांव जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र माकड़ी में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक साथ एक दर्जन से अधिक ग्रामीणों को फूड प्वाइजनिंग की शिकायत के बाद भर्ती कराया गया।
बताया जा रहा है कि माकड़ी क्षेत्र अंतर्गत तमरावण्ड गांव में देव पूजा के बाद आयोजित सामूहिक भोज में शामिल ग्रामीण फूड प्वाइजनिंग का शिकार हो गए। इस घटना में एक महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई है।
जानकारी के अनुसार, तमरावण्ड गांव में शुक्रवार को राम मरकाम के घर देव पूजा के उपरांत सामूहिक भोज का आयोजन किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए थे। भोज के बाद शनिवार शाम रात तक कई लोगों को उल्टी-दस्त और पेट दर्द की शिकायत शुरू हो गई। स्थिति बिगडऩे पर शनिवार शाम से देर रात तक 17 से अधिक पीडि़तों को माकड़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
माकड़ी अस्पताल से गंभीर रूप से बीमार रजिया मरकाम (50) को बीती रात जिला अस्पताल कोण्डागांव रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान सोमवार तड़के उनकी मौत हो गई।
जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. प्रेम मंडावी ने बताया कि माकड़ी से अब तक कुल 9 मरीजों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। इनमें एक महिला की मौत हो चुकी है, जबकि अन्य मरीजों का उपचार जारी है। भर्ती मरीजों में महिला और पुरुष दोनों शामिल हैं।
इधर, मामले की जानकारी मिलते ही मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामखिलावन चतुर्वेदी व खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश स्वास्थ्य अमले के साथ तमरावण्ड पहुंचे। यहां स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिविर लगाकर पीडि़तों का उपचार किया जा रहा है।
तमरावण्ड सरपंच जयप्रकाश नेताम अनुसार फूड प्वाइजनिंग से प्रभावित लोगों की संख्या 27 से अधिक पहुंच गई है, हालांकि स्वास्थ्य विभाग की ओर से आधिकारिक आंकड़े जारी होना अभी बाकी है। विभाग के माध्यम से गांव में अभी भी स्वास्थ्य शिविर संचालित है।


