ताजा खबर

ऑनलाइन आईपीएल सट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़, नाबालिग समेत 7 गिरफ्तार
25-May-2026 7:48 PM
ऑनलाइन आईपीएल सट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़, नाबालिग समेत 7 गिरफ्तार

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
कांकेर, 25 मई।
सिटी कोतवाली कांकेर एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम द्वारा आईपीएल क्रिकेट का ऑनलाइन सट्टा के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया। पकड़े गए गिरोह में एक नाबालिग समेत 7 आरोपी शामिल हंै। आरोपियों के कब्जे से 7 मोबाइल, कुल कीमत लगभग 2.25 लाख का जब्त किया गया।

जिले में अवैध नशा, जुआ, ऑनलाइन सट्टा एवं बेटिंग जैसी अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे उजियारा अभियान के तहत थाना सिटी कोतवाली कांकेर एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम द्वारा  आईपीएल क्रिकेट ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का खुलासा किया गया।

पुलिस के अनुसार थाना कांकेर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि 22 मई को  ज्ञानी चौक कांकेर स्थित माखन भोग होटल के समीप कुछ व्यक्ति मोबाइल के माध्यम से आईपीएल क्रिकेट मैचों एवं अन्य ऑनलाइन कैसीनो गेम में रुपये-पैसों का हार-जीत का दांव लगाकर ऑनलाइन बेटिंग कर रहे हैं।

इस सूचना पर पुलिस अधीक्षक उत्तर बस्तर कांकेर  निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन पर थाना प्रभारी प्रतीक दादासाहब बनसोडे प्रशिक्षु आईपीएस के नेतृत्व में उपनिरीक्षक सुरेन्द्र मानिकपुरी, उपनिरीक्षक मनोरथ जोशी, आरक्षक ईश्वर साहू, रामप्रसाद साहू, शैलेन्द्र चतुर्वेदी,  साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक यशवंत सिंह श्याम, आरक्षक ज्ञान सिंह ठाकुर एवं प्रणय यादव की टीम गठित कर मौके पर घेराबंदी कर रेड की गई।

 कार्रवाई के दौरान आरोपी अमीन खान, मनीष कावडे, सलमान मेमन एवं रिजवान फारूकी को मौके से पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों द्वारा आईपीएल क्रिकेट एवं अन्य ऑनलाइन गेम में हार-जीत का दांव लगाकर ऑनलाइन सट्टा खेलना स्वीकार किया गया।

विवेचना के दौरान राहुल गिडलानी, अमन खटवानी एवं एक नाबालिग द्वारा ऑनलाइन सट्टा खेलने-खिलाने  आईडी उपलब्ध कराकर अवैध आर्थिक लाभ अर्जित करना पाया गया।

आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 170/2026 धारा 7, 8 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 एवं धारा 112(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर  न्यायालय में पेश किया गया।


अन्य पोस्ट