ताजा खबर
रिसर्चरों ने गालापागोस आर्किपेलागो के गहरे सागर में ऑक्टोपस की एक नई प्रजाति की खोज की है. छोटे नीले ऑक्टोपस माइक्रोइलेडन गालपाजेनसिस को पहली बार 2015 में डार्विन आईलैंड के पास सागर की तली में खोज के दौरान देखा गया था. यह द्वीप गालापागोस आर्किपेलागो के उत्तरी सिरे पर है.
खोज के दौरान दो और नमूनों को देखा गया और एक मादा को 1,773 मीटर की गहराई से हासिल किया गया. शिकागो की फील्ड म्यूजियम ने यह जानकारी दी है. जर्नल जूटाक्सा में प्रकाशित रिपोर्ट में इस जीव के बारे में बताया गया है कि यह छोटा, नाटा, छोटी बांहों वाला है, इसकी त्वचा चिकनी है और इसके पास कम चूषक हैं और इसमें गलफड़ की पंखुड़ियां हैं.
शिकागो म्यूजियम की जेनेट वोइट का कहना है, "ये छोटे ऑक्टोपस गहरे सागर में रहते हैं और पृथ्वी पर मौजूद लोगों ने इसे शायद ही कभी देखा है. मैं खुद को भाग्यशाली मानती हूं कि मैं उन पर काम कर रही हूं." वोइट का यह भी कहना है, "अगर आप पृथ्वी की सारी जमीन को आपस में जोड़ दें तो भी आप प्रशांत महासागर को ढंक नहीं सकते. यह महासागर इतना विशाल है और यहां खोजे जाने को बहुत कुछ बाकी है." (dw.com/hi)


