ताजा खबर
सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दायर कर “कॉकरोच जनता पार्टी” नामक सोशल मीडिया अभियान और कथित फर्जी वकीलों के खिलाफ सीबीआई जांच की मांग की गई है. याचिकाकर्ता राजा चौधरी ने आरोप लगाया है कि अदालत की मौखिक टिप्पणियों को संदर्भ से हटाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया गया और उनका व्यावसायिक उपयोग किया गया, जिससे न्यायिक प्रक्रिया की गरिमा प्रभावित हुई है.
पढ़ें- कौन हैं ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के फाउंडर, जिनके एक्स अकाउंट को भारत में बैन कर दिया गया?
कानूनी खबरों की वेबसाइट लाइव लॉ के मुताबिक, याचिका में यह भी कहा गया है कि बड़ी संख्या में फर्जी डिग्री वाले लोग वकालत कर रहे हैं, जो न्याय व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा है. मामले की पृष्ठभूमि में चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया की वह टिप्पणी है जिसमें उन्होंने कुछ लोगों द्वारा बिना वैध योग्यता के पेशे में आने पर चिंता जताई थी और डिग्रियों की जांच कराने की जरूरत का संकेत दिया था.
यह विवाद तब और बढ़ गया जब सोशल मीडिया पर “कॉकरोच जनता पार्टी” नाम से एक व्यंग्यात्मक अभियान शुरू हुआ, जिसने कुछ ही समय में करोड़ों फॉलोअर जुटा लिए. हालांकि बाद में इसके सोशल मीडिया के कुछ अकाउंट्स को भारत में ब्लॉक कर दिया गया. याचिकाकर्ता ने स्पष्ट किया है कि यह याचिका अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के खिलाफ नहीं है, बल्कि न्यायालय की कार्यवाही के दुरुपयोग और उसके व्यावसायिक शोषण के खिलाफ है. (dw.com/hi)


