ताजा खबर
निकायों में 240 एवं पंचायतों में 392 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में
मतदान की तैयारियां पूर्ण
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर, 25 मई। राज्य निर्वाचन आयोग ने नगरीय निकायों एवं त्रि-स्तरीय पंचायतों के आम/उप निर्वाचन के लिए अभ्यर्थियों की अंतिम सूची जारी कर दी गई है। आयोग के अनुसार नगरीय निकायों में कुल 240 तथा त्रि-स्तरीय पंचायतों में कुल 392 अभ्यर्थी चुनावी मैदान में उतरेंगे।
इनमें पंच पद के लिए कुल 1136 पद निर्धारित थे, जिनमें 385 पदों पर कोई नामांकन प्राप्त नहीं हुआ तथा 4 पदों पर नामांकन निरस्त किए गए। 640 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ है। शेष 107 पदों पर मतदान कराया जाएगा। जिनके लिए कुल 246 उम्मीदवार मैदान में हैं।
सरपंच के लिए कुल 82 पदों में से 30 पदों पर नामांकन प्राप्त नहीं हुए तथा 3 नामांकन निरस्त हुए। 15 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ है और शेष 34 पदों पर मतदान होगा, जहां कुल 105 अभ्यर्थी चुनाव लड़ रहे हैं। इसी प्रकार जनपद सदस्य के 10 पदों के लिए कुल 41 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
नगरीय निकाय निर्वाचन के अंतर्गत पार्षद पद के कुल 71 स्थानों पर मतदान कराया जाएगा। इन पदों के लिए कुल 221 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। अध्यक्ष पद के 5 स्थानों पर भी निर्वाचन होगा, जिनके लिए कुल 19 अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किया है। इन पदों पर न तो कोई नामांकन निरस्त हुआ और न ही कोई निर्विरोध निर्वाचन हुए है।
आयोग की सचिव श्रीमती शिखा राजपूत तिवारी ने जानकारी दी है कि नगरीय निकायों के चुनाव इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के माध्यम से तथा त्रि-स्तरीय पंचायतों के चुनाव मतपेटी (बैलेट बॉक्स) के माध्यम से संपन्न कराए जाएंगे। मतदान मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच (FLC) 29 मई 2026 से प्रारंभ की जाएगी, जिसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।


