ताजा खबर

एफआईआर वापस लेने की मांग, बैज संग कांग्रेसियों ने बिश्रामपुर थाना घेरा
25-May-2026 4:36 PM
एफआईआर वापस लेने की मांग, बैज संग कांग्रेसियों ने बिश्रामपुर थाना घेरा

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
सूरजपुर, 25 मई।
सूरजपुर जिला के शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव के दौरान भाजयुमो कार्यकर्ता के साथ गाली-गलौज एवं हथियार लहराने के मामले में कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन के खिलाफ दर्ज एफआईआर को वापस लेने की मांग को लेकर सोमवार को कांग्रेसियों ने बिश्रामपुर थाना का घेराव किया और अनिश्चितकालिन धरना पर बैठ गए हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने थाना परिसर के बाहर प्रदर्शन करते हुए प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों ने थाना प्रवेश द्वार के सामने घंटों धरना देकर विरोध जताया। कांग्रेसियों का आरोप है कि पुलिस ने दबाव में आर्म्स एक्ट का अपराध दर्ज किया है।

ज्ञात हो कि भाजपा जिला अध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी की रिपोर्ट पर बिश्रामपुर पुलिस ने कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन के खिलाफ आम्र्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। इसी कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर एफआईआर निरस्त करने की मांग की। दोपहर एक बजे से शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन समाचार लिखे जाने देर शाम चार बजे तक जारी था।

प्रदर्शन में सरगुजा जिला कांग्रेस के आदित्येश्वर शरण सिंहदेव, कांग्रेस जिला अध्यक्ष शशि सिंह,पूर्व मंत्री प्रेमसाय सिंह, सफी अहमद, पारसनाथ राजवाड़े, भानु प्रताप सिंह, सुभाष गोयल, नरेश राजवाड़े, पूर्व जिला अध्यक्ष भगवती राजवाड़े, नगरपालिका सूरजपुर अध्यक्ष कुसुमलता राजवाड़े, संजय डोसी, पंकज तिवारी, आकाश साहू, संतोष पावले, रामलाल सोनी, विमला सिंह, जाकेश राजवाड़े, अजीत यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

वहीं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसडीओपी सूरजपुर अभिषेक पैकरा, बिश्रामपुर थाना प्रभारी प्रकाश राठौर, जयनगर टीआई रूपेश कुंतल एक्का, लटोरी तहसीलदार सुरेंद्र पैकरा सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।समाचार लिखे जाने तक कांग्रेसी थाने के सामने धरने पर बैठे थे।


अन्य पोस्ट