ताजा खबर
रायपुर एयरपोर्ट में अलर्ट
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 25 मई। इबोला संक्रमण की आशंका चलते रायपुर एयरपोर्ट अलर्ट जारी किया गया है। इस कड़ी में रायपुर सीएमएचओ को एयरपोर्ट परिसर में नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं। खास बात ये है कि अलर्ट सिर्फ एयरपोर्ट को जारी किया गया है। रेलवे स्टेशनों के लिए कोई अलर्ट नहीं है।
उप संचालक एवं राज्य सर्विलेंस अधिकारी (आईडीएसपी) ने सीएमएचओ को पत्र जारी कर रायपुर एयरपोर्ट में इबोला संक्रमण की रोकथाम, यात्रियों की स्वास्थ्य जांच और जरूरी प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए एयरपोर्ट परिसर में एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देशित किया है।
पत्र में यह भी कहा गया कि नोडल अधिकारी एयरपोर्ट पर आने वाले यात्रियों की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग व्यवस्था का समन्वय करेंगे। साथ ही संदिग्ध मामलों की पहचान कर संबंधित स्वास्थ्य विभाग को तत्काल सूचना देने, आइसोलेशन, रेफरल एवं आपातकालीन प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।
दिलचस्प बात यह है कि सिर्फ एयरपोर्ट में ही अलर्ट किया गया है, जबकि रोजाना हजारों की संख्या में टे्रनों से आने-जाने वाले यात्रियों के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। जबकि संक्रमण का खतरा रेलवे स्टेशनों में ज्यादा रहता है। रेलवे पीआरओ शिवप्रसाद का कहना है कि रेलवे स्टेशनों में अलर्ट को लेकर किसी तरह के कोई आदेश नहीं आए हैं।
इबोला (ईवीडी) एक बेहद दुर्लभ लेकिन अत्यंत घातक वायरल रक्तस्रावी बुखार है, जो संक्रमित जानवरों या मनुष्यों के शारीरिक तरल पदार्थों के सीधे संपर्क में आने से फैलता है। इसके सामान्य लक्षणों में अचानक तेज बुखार, गंभीर थकान, मांसपेशियों में दर्द, उल्टी, दस्त और आंतरिक-बाहरी रक्तस्राव शामिल हैं। देश के सभी एयरपोर्ट में अलर्ट जारी किया गया है।


