ताजा खबर
जन संघर्ष समिति ने केंद्रीय मंत्री तोखन साहू को सौंपे सुझाव
हैदराबाद-वाराणसी-मुंबई फ्लाइट शुरू करने की मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 25 मई। हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने केंद्र सरकार की नई उड़ान योजना के तहत बिलासपुर को अधिकतम लाभ दिलाने की मांग उठाई है। समिति ने केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू को विस्तृत सुझाव सौंपते हुए आग्रह किया है कि वे केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू से सीधे मुलाकात कर इस मुद्दे पर चर्चा करें।
समिति की ओर से कहा गया है कि केंद्र सरकार ने 26 मार्च 2026 को नई उड़ान योजना को मंजूरी दी है, जिसके तहत 28,240 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इस राशि का उपयोग देश के 100 अविकसित और अर्द्धविकसित एयरपोर्टों के बुनियादी ढांचे और सुविधाओं के विकास में किया जाना है।
समिति ने अपने सुझाव में कहा कि बिलासपुर एयरपोर्ट भले ही राज्य सरकार के स्वामित्व में हो, लेकिन केंद्र सरकार सीधे इसकी आधारभूत संरचना के विकास में सहायता कर सकती है। समिति ने तर्क दिया कि जैसे स्मार्ट सिटी मिशन जैसी योजनाओं में केंद्र सीधे आर्थिक सहयोग देता है, उसी तरह नागरिक उड्डयन मंत्रालय भी बिलासपुर एयरपोर्ट के विस्तार के लिए विशेष अनुदान दे सकता है।
समिति ने एयरपोर्ट को 4सी कैटेगरी में अपग्रेड करने के लिए 100 से 200 करोड़ रुपये तक की सहायता देने की मांग रखी है।
नई उड़ान योजना के तहत देशभर में नए एयर रूट स्वीकृत किए जाने हैं, जिन पर एयरलाइनों को तीन वर्षों तक संचालन के लिए सब्सिडी दी जाएगी। इसके लिए 10,043 करोड़ रुपये का अलग प्रावधान किया गया है।
समिति ने बिलासपुर से निम्नलिखित हवाई सेवाएं शुरू करने की मांग की है- बिलासपुर - हैदराबाद – बिलासपुर, बिलासपुर - वाराणसी – बिलासपुर, बिलासपुर - इंदौर – बिलासपुर, बिलासपुर - नागपुर - मुंबई – बिलासपुर, बिलासपुर - जगदलपुर – विशाखापट्टनम तथा बिलासपुर - प्रयागराज - नई दिल्ली – बिलासपुर।
समिति का कहना है कि इनमें सबसे अधिक मांग हैदराबाद, वाराणसी और मुंबई रूट की है। इसलिए इन रूटों को आगामी बिडिंग प्रक्रिया में प्राथमिकता देने की मांग की गई है। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने समिति को आश्वस्त किया कि उनके सुझाव केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री तक पहुंचाए जाएंगे।
हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति का अनिश्चितकालीन धरना रविवार को भी जारी रहा। धरना स्थल पर क्रमशः कमल सिंह ठाकुर, राघवेंद्र सिंह ठाकुर, मनोज वास, बद्री यादव, हर प्रसाद केवर्त, अभिषेक चौबे, शिरीष कश्यप, रामशरण यादव, संतोष पिपलवा, दीपक कश्यप, देवेंद्र सिंह ठाकुर, मजहर खान, अमर बजाज, महेश दुबे, टाटा, विभूतिभूषण गौतम, रमाशंकर बघेल, अकील अली और सुदीप श्रीवास्तव सहित कई लोग उपस्थित रहे।


