ताजा खबर

प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या, एक हफ्ते बाद पत्नी ने उगला राज
25-May-2026 12:14 PM
प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या, एक हफ्ते बाद पत्नी ने उगला राज

झारखंड से बिलासपुर लाकर पति की हत्या, महिला गिरफ्तार, प्रेमी समेत तीन आरोपी फरार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 25 मई। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में पति की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके दो साथियों के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी और शव को रेलवे ट्रैक के पार पानी भरे गड्ढे में फेंक दिया। घटना के करीब एक सप्ताह बाद पुलिस पूछताछ में महिला टूट गई और पूरे हत्याकांड का खुलासा हो गया।

पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका प्रेमी सुगर टोपनो और दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस के अनुसार जलडेगा प्रखंड, सिमडेगा, झारखंड निवासी पूनम लोमगा (35) अपने पति विनोद लोमगा (40) के साथ 18 मई को ट्रेन से बिलासपुर आई थी। उसने पति को यह कहकर साथ लाया कि यहां किसी परिचित से पैसे लेने हैं।

जांच में सामने आया कि यह पूरी वारदात पहले से तय योजना के तहत अंजाम दी गई। पूनम अपने पति को सिरगिट्टी इलाके में रेलवे लाइन के पास ले गई, जहां उसका प्रेमी सुगर टोपनो अपने दो साथियों के साथ पहले से मौजूद था।

चारों ने मिलकर विनोद लोमगा की हत्या कर दी और शव को रेलवे ट्रैक के दूसरी ओर पानी से भरे गड्ढे में फेंक दिया। हत्या के बाद महिला वापस झारखंड लौट गई और परिवार को लगातार गुमराह करती रही।

परिजनों ने जब विनोद से फोन पर बात कराने की जिद की तो पूनम टालमटोल करने लगी। इससे परिवार को शक हुआ और उन्होंने झारखंड के ओड़गा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराते हुए बहू पर संदेह जताया।

इसके बाद झारखंड पुलिस ने पूनम से पूछताछ शुरू की। कड़ी पूछताछ में वह टूट गई और हत्या की पूरी साजिश कबूल कर ली।

स्वीकारोक्ति के बाद झारखंड पुलिस आरोपी महिला को लेकर बिलासपुर के सिरगिट्टी थाने पहुंची। यहां उसकी निशानदेही पर पुलिस ने शव बरामद किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और विभिन्न ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।


अन्य पोस्ट