ताजा खबर
ट्रस्ट की शिकायत पर पुलिस कार्रवाई से आदिवासी समाज और प्रशासन आमने-सामने
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
राजनांदगांव, 25 मई। राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ के ऊपर स्थित मां बम्लेश्वरी के पहाड़ में मुर्गे की बलि देकर पूजा-अर्चना करने के मामले में आदिवासी समाज और प्रशासन आमने-सामने आ गए हैं।
दरअसल, आदिवासी समाज मंदिर परिसर में पुराने रोपवे के पास एक चट्टान को 'गढ़ माता' मानकर बैगा पद्धति से पूजा-अर्चना करने पर विश्वास रखता है। इसी के चलते एक युवक ने पूजा-अर्चना करने के लिए बैगा पद्धति से मुर्गे की बलि चढ़ा दी। यहीं से विवाद गहरा गया।
मंदिर ट्रस्ट की शिकायत पर पुलिस ने किशोर नेताम नामक युवक को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आदिवासी समाज पुलिस कार्रवाई के विरोध में उद्धेलित हो गया है।
इस संबंध में डोंगरगढ़ एसडीओपी केशरीनंदन नायक ने 'छत्तीसगढ़' को बताया कि नियमानुसार पुलिस ने ट्रस्ट की शिकायत पर कार्रवाई की है। न्यायालीन आदेश पर युवक को जेल भेज दिया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक 19 मई को पुराने रोपवे के पास एक चट्टान को देवी का रूप मानकर बैगा पद्धति से किशोर नामक युवक ने मुर्गे की बलि चढ़ा दी। इसकी जानकारी मिलने के बाद ट्रस्ट द्वारा आपत्ति दर्ज की गई।
19 मई को हुए इस घटनाक्रम ने धीरे-धीरे विवादित रूप ले लिया। आदिवासी समाज इस मामले को लेकर आक्रामक होकर ट्रस्ट के खिलाफ एकजुट हो गया।
इधर, पुलिस ने ट्रस्ट के अध्यक्ष मनोज अग्रवाल की शिकायत पर आदिवासी युवक किशोर नेताम को सीधे गिरफ्तार कर लिया। ट्रस्ट ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि इस घटना से मंदिर की रिवाज और अन्य पारंपरिक धार्मिक भावनाएं आहत हुई है। बलि प्रथा के लिए मंदिर में कोई जगह नहीं है।
उधर, आदिवासी समाज ने हाल ही के वर्षों में मंदिर ट्रस्ट को भंग करने की मांग की है। समाज का दावा है कि मां बम्लेश्वरी आदिवासियों की आराध्य देवी है। बरसों पहले आदिवासी बैगाओं के जरिये पूजा-अर्चना होती थी। धीरे-धीरे व्यवसायिक हितों को साधने के लिए गैर आदिवासी समाज के लोगों ने मंदिर पर कब्जा कर लिया।
बताया जा रहा है कि गोंड समाज ने पुलिस की कार्रवाई को लेकर कड़ा ऐतराज जताया है। समाज का कहना है कि मां बम्लेश्वरी के प्रति उनकी गहरी आस्था है और बैगा परंपरा के अनुसार सदियों से उनके पूर्वज मां की पूजा-अर्चना करते रहे हैं।
इस बीच यह मामला काफी तूल पकड़ रहा है। बताया जा रहा है कि आदिवासी समाज इस मामले में सड़क पर उतरकर पुलिस कार्रवाई को लेकर प्रदर्शन करने की तैयारी में है।


