ताजा खबर

पेट्रोल-डीज़ल की क़ीमतों में इज़ाफ़े पर कांग्रेस ने क्या कहा?
25-May-2026 10:59 AM
पेट्रोल-डीज़ल की क़ीमतों में इज़ाफ़े पर कांग्रेस ने क्या कहा?

कांग्रेस ने पेट्रोल-डीज़ल के दामों में बढ़ोतरी पर केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए कहा है कि 'महंगाई मैन' की वसूली थमने का नाम नहीं ले रही.

दरअसल, सोमवार को पेट्रोल की कीमतों में प्रति लीटर 2 रुपये 61 पैसे और डीज़ल की कीमतों में भी 2 रुपये 71 पैसे की बढ़ोतरी हुई है.

अब दिल्ली में एक लीटर पेट्रोल के दाम 102 रुपये 12 पैसे और डीज़ल का भाव 95 रुपये 20 पैसे हो गया है.

इस पर कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "महंगाई मैन मोदी ने पेट्रोल-डीज़ल 11 दिन में 8 रुपए महंगा कर दिया. आज फिर पेट्रोल-डीज़ल की कीमतें बढ़ा दी गईं. अपने पूंजीपति दोस्तों को मालामाल करने के लिए मोदी जनता की जेब काटने में लगे हैं."

आगे लिखा "लोग महंगाई में पिस रहे हैं, परेशान हैं- लेकिन महंगाई मैन की वसूली थमने का नाम नहीं ले रही."

पेट्रोल-डीज़ल की कीमतों में यह 10 दिन के भीतर चौथी बढ़ोतरी है.

इससे पहले भारत में शनिवार यानी 23 मई को भी पेट्रोल और डीज़ल के दामों में बढ़ोतरी हुई थी. पेट्रोल 87 पैसे और डीज़ल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा हुआ था.

इस महीने सबसे पहले 15 मई को पेट्रोल-डीज़ल के दाम तीन रुपये प्रति लीटर बढ़ाए गए थे. इसके बाद 19 मई को भी क़रीब 90 पैसे की दूसरी बढ़ोतरी हुई. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट