ताजा खबर

राइस मिल में चोरी, 5 बंदी
24-May-2026 3:12 PM
राइस मिल में चोरी, 5 बंदी

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
कवर्धा, 24 मई।
कबीरधाम जिले के थाना कवर्धा क्षेत्रांतर्गत स्थित हाडा एग्रो राइस मिल में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया चावल बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी विक्की अग्रवाल निवासी राजेन्द्र नगर, ग्राम सगौना थाना कवर्धा ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि  हरिनछपरा औद्योगिक नगर स्थित उनके हाडा एग्रो राईस मिल में रखे चावल के ढेर में कमी प्रतीत होने पर प्रतिष्ठान में लगे सीसीटीवी कैमरों का अवलोकन किया गया। जांच के दौरान 8-9 मई की मध्य रात्रि लगभग 2.48 बजे अज्ञात व्यक्ति द्वारा सीसीटीवी कैमरा बंद करते एवं पुन: 3.35 बजे चालू करते हुए दिखाई दिया। जांच में पाया गया कि अज्ञात आरोपी द्वारा रात्रि के समय राइस मिल परिसर में घुसकर लगभग 35-40 कट्टा चावल चोरी कर ले जाया गया।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कवर्धा में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान राईस मिल के पूर्व हमालों एवं संदेहियों से गहन पूछताछ की गई। तकनीकी एवं तथ्यात्मक जांच तथा मेमोरेण्डम कथन के आधार पर आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया 30 कट्टा चावल बरामद किया गया। पर्याप्त साक्ष्य प्राप्त होने पर आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में बिसेन नेताम, हीरादास बंजारे, संजय चन्द्रवंशी  रवि धुर्वे, मोतीराम मरकाम, सभी निवासी कबीरधाम हैं।
आरोपियों को 22 मई को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है।


अन्य पोस्ट