ताजा खबर
इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स ने अपने आख़िरी मैच में तेज़ गेंदबाज़ अर्जुन तेंदुलकर को खेलने का मौक़ा दिया.
अर्जुन के प्रदर्शन को देखने के बाद उनके पिता और दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट लिखा.
दरअसल, अर्जुन तेंदुलकर ने पंजाब किंग्स के ख़िलाफ़ मैच में एलएसजी के लिए डेब्यू किया. अर्जुन ने चार ओवर गेंदबाज़ी करते हुए 36 रन दिए और एक विकेट हासिल किया.
इसके बाद सचिन तेंदुलकर ने एक्स पर लिखा, "शाबाश, अर्जुन. इस सीज़न में जिस तरह तुमने ख़ुद को संभाला है, उस पर गर्व है. हमेशा अपनी क्षमता पर भरोसा रखा, धैर्य बनाए रखा, चुपचाप मेहनत की और आख़िरी मैच तक मौक़े का इंतज़ार करते हुए भी पॉज़िटिव बने रहे.
उन्होंने लिखा, "क्रिकेट धैर्य और हुनर दोनों की परीक्षा लेता है, आज तुमने दोनों को बहुत अच्छे से संभाला. ज़मीन से जुड़े रहो, खेल से उसी तरह प्यार करते रहो जैसे हमेशा करते आए हो."
उल्लेखनीय है कि इकाना स्टेडियम में पंजाब किंग्स के ख़िलाफ़ खेले गए आख़िरी लीग मैच में एलएसजी को हार का सामना करना पड़ा.
पहले बल्लेबाज़ी करते हुए एलएसजी ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुक़सान पर 196 रन बनाए. इसके जवाब में पंजाब किंग्स ने 18 ओवर की समाप्ति पर ही 7 विकेट से जीत हासिल कर ली.(bbc.com/hindi)


