ताजा खबर

असम में प्रवासी छत्तीसगढ़िया समाज की बड़ी उपलब्धि
24-May-2026 8:51 AM
असम में प्रवासी छत्तीसगढ़िया समाज की बड़ी  उपलब्धि

ज्योति रूपमणि गोंड की  माउंट एवरेस्ट की सफल चढ़ाई 

रायपुर, 24 मई। असम के लखीमपुर जिला अंतर्गत नागांव-खेतगांव की सुपुत्री ज्योति रूपमणि गोंड ने आज Indo-Tibetan Border Police की ऑल वूमेन माउंटेनियरिंग टीम ,”हिम वीरांगना “की सदस्य के रूप में विश्व की सर्वोच्च चोटी Mount Everest की सफल चढ़ाई कर इतिहास रच दिया है।

यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि असम में बसे प्रवासी छत्तीसगढ़िया समाज के लगभग डेढ़ सौ वर्षों के संघर्ष, श्रम, साहस और निरंतर प्रगति की एक उज्ज्वल अभिव्यक्ति है। जिन पूर्वजों ने छत्तीसगढ़ से असम की ओर प्रस्थान किया था, उनके वंशज आज देश और विश्व के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का परचम फहरा रहे हैं। ज्योति रूपमणि गोंड की यह सफलता उसी गौरवशाली यात्रा की एक नई और स्वर्णिम कड़ी है।

छत्तीसगढ़ के अन्य युवाओं ने भी पूर्व में एवरेस्ट विजय का गौरव प्राप्त किया है, जिनमें राहुल गुप्ता, नयना सिंह धाकड़ तथा याशी जैन के नाम विशेष उल्लेखनीय हैं। अब रूपमणि गोंड का नाम भी इस प्रेरणादायी सूची में स्वर्णाक्षरों में जुड़
गया है।

रूपमणि गोंड को हमारी ओर से हार्दिक बधाइयाँ एवं अनंत शुभकामनाएँ। हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि वे जीवन में निरंतर नई ऊँचाइयों को स्पर्श करें तथा पर्वतारोहण के क्षेत्र में देश और समाज का नाम और अधिक गौरवान्वित करती रहें।

यह जानकारी असम में ही निवासरत मनोज धनवार ने दी है। उल्लेखनीय है कि उनके पिताश्री स्वर्गीय  रामेश्वर धनवार लगातार आठ बार विधानसभा सदस्य निर्वाचित हुए थे तथा असम सरकार में मंत्री रह चुके थे।


अन्य पोस्ट