ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
भिलाई नगर, 23 मई। क्रिप्टोकरेंसी निवेश के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। दुर्ग सिटी कोतवाली पुलिस ने बिटकॉइन में निवेश कर हर महीने 12 से 13 प्रतिशत तक लाभ दिलाने का झांसा देकर 7 लाख 50 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार किया है।
आरोपी ने पहले निवेश पर कुछ रकम वापस कर प्रार्थिया का भरोसा जीता और बाद में शेष राशि हड़प कर संपर्क बंद कर दिया।
नगद और यूपीआई के जरिए अलग-अलग किश्तों में लिए गए थे रुपये
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया देवकी सोनकर निवासी शिक्षक नगर मिनी स्टेडियम के पास दुर्ग ने थाना सिटी कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी पीलादास मानिकपुरी ने बिटकॉइन निवेश में अधिक लाभ दिलाने का प्रलोभन देकर अलग-अलग समय में नगद एवं यूपीआई माध्यम से कुल 7.50 लाख रुपये प्राप्त किए थे। कुछ समय तक आरोपी द्वारा रकम लौटाई गई, जिससे प्रार्थिया को निवेश पर भरोसा हो गया, लेकिन बाद में आरोपी ने शेष राशि वापस नहीं की और संपर्क तोड़ दिया।
शिकायत के आधार पर थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में धारा 318(4) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी पीलादास मानिकपुरी रायपुर को चिन्हित कर उसे हिरासत में लिया।
आरोपी ने कबूला अपराध, मोबाइल जब्त
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने धोखाधड़ी करना स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त किया गया। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।


