ताजा खबर

बस्तर सांसद ने आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर से की भेंट
23-May-2026 8:19 PM
बस्तर सांसद ने आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर से की भेंट

बस्तर की आराध्य माँ दंतेश्वरी की छवि और गौर मुकुट भेंट कर किया अभिनंदन

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
जगदलपुर, 23 मई।
आर्ट ऑफ लिविंग के अंतरराष्ट्रीय मुख्यालय बैंगलोर आश्रम के प्रवास पर रहे बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद महेश कश्यप ने आध्यात्मिक गुरु पूज्य गुरुदेव श्री श्री रविशंकर जी से भेंट की। इस आत्मीय मुलाकात के दौरान सांसद श्री कश्यप के साथ उनकी पत्नी भी उपस्थित रहीं, जहाँ दोनों ने पूज्य गुरुदेव के चरणों में नमन कर उनका दिव्य आशीर्वाद और क्षेत्र की खुशहाली के लिए अमूल्य मार्गदर्शन प्राप्त किया।

सांसद महेश कश्यप ने इस अवसर पर पूज्य गुरुदेव को बस्तर अंचल की अत्यंत समृद्ध, गौरवशाली और अनूठी जनजातीय संस्कृति के वैश्विक प्रतीक गौर मुकुट भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इसके साथ ही आदर भाव के साथ गुरुदेव को पारंपरिक शाल ओढ़ाई गई। इस दौरान सांसद कश्यप ने संपूर्ण बस्तरवासियों की आस्था के केंद्र और अंचल की अधिष्ठात्री देवी, आराध्य माँ दंतेश्वरी की पावन छवि गुरुदेव को भेंट की।

बस्तर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि पूज्य गुरुदेव श्री श्री रविशंकर जी का सानिध्य पाना और उनकी दिव्य ऊर्जा को महसूस करना एक अलौकिक अनुभव है।

भेंट के दौरान पूज्य गुरुदेव श्री श्री रविशंकर जी ने बस्तर की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत, वहां की जनजातीय कलाओं और बस्तर के सीधे सच्चे लोगों की प्रशंसा की। 
गुरुदेव ने सांसद महेश कश्यप को उनके जनसेवा के संकल्पों के लिए शुभ आशीष दिया और बस्तर अंचल के सर्वांगीण विकास, वहां सुख समृद्धि,शांति और लोक कल्याण के लिए अपनी विशेष शुभकामनाएं व्यक्त करते हुए पूरे प्रदेश को अपना मंगल आशीर्वाद प्रदान किया।


अन्य पोस्ट