ताजा खबर
हैदराबाद, 23 मई। तेलंगाना के राजस्व मंत्री पी. श्रीनिवास रेड्डी ने शनिवार को कहा कि राज्य में लू की चपेट में आने के कारण 16 लोगों की मौत हो गई है।
रेड्डी ने लू के कारण उत्पन्न स्थिति पर अधिकारियों के साथ बैठक की और बताया कि राज्य के सात जिलों में 16 लोगों की मौत हुई है।
मंत्री ने जिलाधिकारियों से प्राप्त रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि जयशंकर भूपलपल्ली जिले में चार लोगों की मौत हुई जबकि वारंगल, करीमनगर और निजामाबाद में तीन-तीन और जोगुलम्बा गडवाल, रंगा रेड्डी और सूर्यापेट जिलों में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई।
उन्होंने कहा कि सरकार मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान करेगी।
राजस्व मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अत्यधिक तापमान वाले गांवों की पहचान करें और मीडिया, सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से उन गांवों में गर्मी के बारे में चेतावनी जारी करें।
उन्होंने कहा कि बस स्टेशन, बाजारों, प्रमुख सड़कों और उन स्थानों पर जहां बड़ी संख्या में श्रमिक काम करते हैं, पीने का पानी और ओआरएस के पैकेट उपलब्ध कराए जाएं।
मंत्री ने वरिष्ठ नागरिकों, गर्भवती महिलाओं, बच्चों और अस्वस्थ लोगों से पूर्वाह्न 11 बजे से शाम चार बजे के बीच घर से बाहर न निकलने का आग्रह किया। (भाषा)


