ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 23 मई। जिले में अवैध रेत उत्खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। आरंग के मंदिर हसौद में खनिज विभाग की टीम ने छापेमारी कर 1 एक्सकवेटर मशीन समेत 20 वाहनों को जब्त किया है।
खनिज विभाग के अनुसार बिना वैध अनुमति के खनिजों का उत्खनन और परिवहन किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान 2 कोयला लदे वाहन, 8 रेत लदे वाहन, 3 मुरूम लदे वाहन और 6 चूनापत्थर लदे वाहन जब्त किए गए। सभी वाहनों पर खनिज अधिनियम 1957 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
उप संचालक खनिज राजेश मालवे ने बताया कि अवैध उत्खनन की सूचना मिलते ही विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। जब्त वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने सभी एसडीएम और खनिज अधिकारियों को अवैध खनन पर लगातार निगरानी रखने और सूचना मिलते ही सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
कार्रवाई के दौरान जिला खनिज अधिकारी उमेश भार्गव, खनिज निरीक्षक प्रवीण नेताम और प्रिया सिन्हा मौजूद रहे।


