ताजा खबर

त्विषा शर्मा के पति समर्थ सिंह को भोपाल कोर्ट ने 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा
23-May-2026 7:22 PM
त्विषा शर्मा के पति समर्थ सिंह को भोपाल कोर्ट ने 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा

-विष्णुकांत तिवारी

त्विषा शर्मा की मौत के मामले में भोपाल की ज़िला अदालत ने शुक्रवार को अभियुक्त और त्विषा के पति समर्थ सिंह को सात दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया.

अदालत ने उन्हें 23 मई से 29 मई तक पुलिस हिरासत में रखने की अनुमति दी है साथ ही त्विषा के परिवार की मांग को मानते हुए कोर्ट ने समर्थ सिंह का पासपोर्ट भी ज़ब्त करने के आदेश दिये हैं.

त्विषा के परिवार की ओर से वकील शुभांक दीक्षित ने बीबीसी को बताया, “अदालत ने पुलिस की मांग पर सात दिन की रिमांड मंजूर की है.”

इससे पहले शुक्रवार 22 मई को अभियुक्त समर्थ सिंह को जबलपुर में हिरासत में लिया गया था.

भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा था, “पुलिस टीम उन्हें हिरासत में लेकर भोपाल ला रही है और क़ानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है.”

दूसरी ओर मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने त्विषा शर्मा के शव का दूसरा पोस्टमार्टम कराने का आदेश दिया है.

त्विषा के पिता नवनिधि शर्मा की याचिका पर सुनवाई करते हुए अदालत ने कहा कि चूंकि महिला की मौत शादी के छह महीने के भीतर हुई है इसलिए “सभी संदेह दूर करने” के लिए दूसरा पोस्टमार्टम जल्द से जल्द कराया जाना चाहिए.

हाईकोर्ट ने एम्स दिल्ली के निदेशक से विशेषज्ञों की टीम गठित करने का आदेश दिया है. अदालत ने कहा कि राज्य सरकार विशेषज्ञों को विशेष विमान से भोपाल लाने की व्यवस्था करेगी और पोस्टमार्टम भोपाल में ही कराया जाएगा. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट