ताजा खबर

लू और भीषण गर्मी के बीच सड़क किनारे मिला वृद्ध का शव
23-May-2026 1:26 PM
लू और भीषण गर्मी के बीच सड़क किनारे मिला वृद्ध का शव

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

बिलासपुर, 23 मई। जिले में पड़ रही भीषण गर्मी अब जानलेवा साबित होने लगी है। शुक्रवार दोपहर मस्तूरी थाना क्षेत्र के जोंधरा ग्राम में चौक पर एक वृद्ध मृत अवस्था में पड़ा मिला। आशंका है कि बुजुर्ग की मौत लू लगने या अत्यधिक गर्मी के कारण हुई है।

जानकारी के अनुसार, जोंधरा चौक स्थित परमानंद शू शॉप के पास करीब 75 वर्षीय अज्ञात बुजुर्ग का शव पड़ा देखकर स्थानीय लोगों ने मस्तूरी पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आसपास के लोगों ने बताया कि मृत बुजुर्ग इलाके में घूम-घूमकर भीख मांगकर अपना जीवन यापन करता था।

इधर जिले में लगातार बढ़ते तापमान ने आम जनजीवन को भी बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। बिलासपुर इन दिनों प्रदेश के सबसे गर्म शहरों में शामिल हो गया है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक रहा। सुबह 9 बजे से ही धूप चुभने लगती है, जबकि दोपहर के समय सड़कें लगभग सूनी नजर आने लगती हैं।

डॉक्टरों के अनुसार तेज धूप, गर्म हवाएं और धूलभरा वातावरण आंखों में जलन, लालिमा और एलर्जी की वजह बन रहे हैं। दोपहर के समय लंबे समय तक धूप में रहने से सनबर्न और हीट स्ट्रोक का खतरा भी बढ़ गया है।

मौसम की तीखी मार के चलते लोगों को दोपहर में घरों से बाहर निकलने में परेशानी हो रही है। प्रशासन और स्वास्थ्य विशेषज्ञ लोगों से पर्याप्त पानी पीने, धूप से बचने और जरूरत पड़ने पर ही बाहर निकलने की सलाह रहे हैं।


अन्य पोस्ट