ताजा खबर

कबाड़ कारोबार पर पुलिस की छापेमारी, 49 में से 40 गोदाम सील, 18 हिरासत में
23-May-2026 12:01 PM
कबाड़ कारोबार पर पुलिस की छापेमारी, 49 में से 40 गोदाम सील, 18 हिरासत में

मस्तूरी में कबाड़ से भरा वाहन जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 23 मई। जिले में अवैध कबाड़ कारोबार, चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त और संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने शुक्रवार को बड़ा अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान जिलेभर में स्क्रैप कारोबारियों के गोदामों और दुकानों की सघन जांच की गई। कार्रवाई के दौरान 49 कबाड़ कारोबारियों की जांच की गई, जिनमें से 40 गोदामों को आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर सील कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार, विभिन्न थाना क्षेत्रों में संचालित स्क्रैप गोदामों में वैधानिक दस्तावेज, खरीद-बिक्री रिकॉर्ड और माल की वैधता से जुड़े कागजात की जांच की गई। बड़ी संख्या में कारोबारी आवश्यक दस्तावेज नहीं दिखा सके। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गोदामों को सील कर दिया। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान मस्तूरी थाना क्षेत्र में कबाड़ से भरा एक वाहन भी जब्त किया गया। वहीं 18 कबाड़ कारोबारियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि अवैध स्क्रैप कारोबार, चोरी के सामान की खरीद-बिक्री या बिना वैध अनुमति कारोबार करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा। संदिग्ध गतिविधियों में शामिल पाए जाने वाले लोगों पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट