ताजा खबर

चार दिन बाद कब्र से निकाला गया विवाहिता का शव, दहेज हत्या की आशंका
23-May-2026 11:56 AM
चार दिन बाद कब्र से निकाला गया विवाहिता का शव, दहेज हत्या की आशंका

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोरबा, 23 मई। उरगा थाना क्षेत्र के भतपहरी गांव में विवाहिता विनीता पाटले की मौत पर मायके वालों ने दहेज प्रताड़ना और हत्या की आशंका जताई है। मौत के चार दिन बाद शुक्रवार को भारी पुलिस बल, तहसीलदार, स्वास्थ्य विभाग और फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में शव को कब्र से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम कराया गया।

बताया गया कि कुछ दिन पहले विनीता की अचानक तबीयत बिगड़ी थी और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। इसके बाद ससुराल पक्ष ने अंतिम संस्कार कर शव को दफना दिया। चार दिन बाद मायके वालों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए मौत को संदिग्ध बताया। शिकायत के बाद प्रशासन ने शव निकलवाने की प्रक्रिया शुरू की। शुरुआत में मृतका के ससुर ने इसका विरोध किया, लेकिन पुलिस की समझाइश के बाद कार्रवाई पूरी की गई।

मृतका के परिजनों का आरोप है कि विवाह के बाद से ही दहेज को लेकर विनीता को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। पति मुकेश उसके साथ मारपीट करता था और कई बार घर से निकाल देता था। परिजन बताते हैं कि विनीता अक्सर रोते हुए मायके पहुंचती थी, लेकिन बच्चों के भविष्य को देखते हुए समझौता कर उसे वापस भेज दिया जाता था।

मृतका की मां ने दावा किया कि कुछ समय पहले मुकेश ने विनीता को फांसी पर चढ़ाकर मारने की कोशिश भी की थी। हाल ही में गांव के लोगों और सरपंच के साथ समझौते का भरोसा देकर उसे फिर ससुराल ले जाया गया था।

परिजनों का कहना है कि शव पर चोट के कई निशान दिखाई दिए थे और नाक-मुंह से खून भी निकला था। इसके बावजूद बिना पोस्टमार्टम कराए जल्दबाजी में दफना दिया गया। मृतका की बहन ने सवाल उठाया कि कुछ दिन पहले शादी समारोह में शामिल होने वाली विनीता अचानक आत्महत्या कैसे कर सकती है?

उधर पति मुकेश पाटले आरोपों को निराधार बता रहा है, लेकिन वह यह स्पष्ट नहीं कर पाया कि पत्नी बार-बार मायके क्यों लौट जाती थी।

उरगा पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच पूरी कर ली गई है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट