ताजा खबर
राज्य के बाहर काम करने की मंशा नहीं- सिंहदेव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 22 मई। प्रदेश कांग्रेस में अध्यक्ष पद को लेकर खींचतान तेज हो गई है। इस कड़ी में पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव की दावेदारी पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने खुलकर अपनी राय रखी है। उन्होंने कहा कि टीएस सिंहदेव जैसे वरिष्ठ नेता को दिल्ली में संगठनात्मक जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में कहा कि उनकी राज्य से बाहर काम करने की कोई मंशा नहीं है। उन्होंने कहा कि उन्हें छत्तीसगढ़ में अपार स्नेह मिला है और जब तक ऊर्जा है, वे यहीं काम करते रहेंगे।
दरअसल, हाल ही में टीएस सिंहदेव ने प्रदेश अध्यक्ष बनने की इच्छा सार्वजनिक रूप से जाहिर की थी। इसके बाद से दीपक बैज को बदले जाने की चर्चाएं तेज हो गई हैं। बैज का कार्यकाल भी जून में पूरा हो रहा है।
मीडिया से चर्चा में दीपक बैज ने कहा कि टीएस सिंहदेव वरिष्ठ नेता हैं और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर संगठन में काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सिंहदेव एआईसीसी के सदस्य हैं तथा उन्हें तमिलनाडु और पुडुचेरी का ऑब्जर्वर भी बनाया गया था।
बैज ने कहा कि पार्टी में युवाओं को मौका मिलना चाहिए और वर्तमान युवा टीम अच्छा काम कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश स्तर की जिम्मेदारी टीएस सिंहदेव जैसे वरिष्ठ नेता के लिए छोटी है और उन्हें राष्ट्रीय राजनीति में भूमिका निभानी चाहिए।
दूसरी तरफ,टीएस सिंहदेव ने बैज के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि युवा टीम को काम करने के पूरे अवसर हैं और वे भी प्रदेश में सक्रिय रहकर काम करना चाहते हैं।
राजनीतिक हलकों में इस बात की भी चर्चा है कि दीपक बैज ने सिंहदेव पर टिप्पणी करने से पहले पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मुलाकात की थी। दोनों नेताओं के बीच पार्टी के कई मुद्दों पर चर्चा हुई थी। इसके बाद बैज के तेवरों को लेकर कांग्रेस के भीतर चर्चाएं, और तेज हो गई है।


