ताजा खबर
एक नाबालिग समेत तीन गिरफ्तार
रायपुर, 22 मई। गुरुवार को राजधानी के वाल्टेयर रेल लाइन क्षेत्र के पास मिली युवक विशाल बाघ उर्फ बिट्टू यादव 20 की लाश के मामले में पुलिस ने हत्या साबित कर दिया है। इसमें लिप्त एक नाबालिग सहित तीन युवकों को गिरफ्तार किया है।इनमें कुणाल दीप, अरविंद बाघ और एक नाबालिग शामिल हैं। सभी आरोपी जागृति नगर क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या के पीछे क्रिकेट खेलने के दौरान हुए मामूली विवाद से शुरू हुई पुरानी रंजिश थी। बताया जा रहा है कि आरोपियों और मृतक पक्ष के बीच पहले से तनाव चल रहा था, जो धीरे-धीरे विवाद में बदल गया। जानकारी के अनुसार, घटना से दो दिन पहले मृतक अपने साथियों के साथ आरोपी कुणाल दीप के घर पहुंचा था, लेकिन उस समय आरोपी घर पर नहीं मिला था, जिसके बाद सभी लोग वापस लौट गए थे। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव और बढ़ गया। घटना वाले दिन देर रात मृतक और आरोपी कुणाल दीप का आमना-सामना वाल्टियर लाइन के पास हुआ। इसी दौरान दोनों के बीच बहस शुरू हो गई, जो धीरे-धीरे हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोप है कि कुणाल दीप ने मृतक को रेलवे ट्रैक के पास ले जाकर चाकू से हमला कर दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, इस वारदात में कुल तीन लोग शामिल थे, जिन्होंने मिलकर विशाल बाघ उर्फ बिट्टू की हत्या की। गंज पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर तीनों से पूछताछ कर रही है।


