ताजा खबर

हाल ए सिटी बस, चक्कों में पत्थर टिकाकर रोका जाता है..!
22-May-2026 5:51 PM
हाल ए सिटी बस, चक्कों में पत्थर टिकाकर रोका जाता है..!

फर्स्ट एड बॉक्स नहीं और सीटें  भी फटी हैं

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

रायपुर, 22 मई ​ । दो सप्ताह पहले सड्डू के पास खरोरा मार्ग की सिटी बस के जलने के बाद रायपुर शहरी सार्वजनिक सर्विस सोसाइटी ने अन्य मार्गों के बसों की सुध ली। 

 रेल्वे स्टेशन एवं शहीद स्मारक भवन के पास रायपुर से खरोरा मार्ग की बस CG04E3544/CG04E3525/CG04E3547, रायपुर से खैरखुंट मार्ग की बस CG04E3525 रायपुर से चंद्रखुरी मार्ग की बस CG04E3531 एवं रायपुर से भानसोज मार्ग की बस CG04E3533 में संचालित बस का निरीक्षण किया । सभी बसों में अग्निशामक यंत्र उपलब्ध पाये गये,  किन्तु फर्स्ट एड बॉक्स नहीं थे।  बसों की सीट फटी थी जिसे तत्काल सुधार कराने तथा फर्स्ट एड बॉक्स तत्काल उपलब्ध कराये जाने अनुबंधित फर्म को पत्र जारी किया गया है।

सभी बसों में हैंड ब्रेक कार्य कर रहे है किन्तु अतिरिक्त सुरक्षा के दृष्टि से पत्थर लगाकर बस को रोका जाता है। 
 सिटी बसों में सीटों की मरम्मत का कार्य डिपो में सतत रूप से किया जाता है एवं सभी बसों की मुख्य हेड लाईट कार्य कर रही है, अधिक रोशनी के लिए पृथक से दो अतिरिक्त लाईट लगायी गयी है। बसों की खिडकियां भी कार्य कर रही हैँ, जिसे यात्री अपने सुविधा अनुसार बंद-चालु करते रहते हैँ । बसों की फिटनेस कराये जाने के उपरांत ही बसों का संचालन किया जाता है। अनुबंध अनुसार कार्य कराये जाने हेतु अनुबंधित फर्म को पत्र जारी किया जाता है तथा वाहनों का सुधार कार्य कराया जाता है‌।

प्रभारी अधिकारी के अनुसार इन सिटी बसों का संचालन एवं संधारण कार्य किये जाने हेतु अनुबंध अनुसार अनुबंधित फर्म द्वारा रॉयल्टी जमा किया जाना है एवं वाहनों का मरम्मत कार्य कराया जाकर बसों का संचालन किया जाना है,  जिसके अनुसार बसों का संचालन किया जा रहा है।


अन्य पोस्ट