ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर/ दुर्ग, 22 मई। दुर्ग जिले के मोहन नगर स्थित थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक ही परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान गोविंद साहू (45 वर्ष), उनकी पत्नी चंचल साहू (40 वर्ष), पुत्री दृष्णा साहू (13 वर्ष) एवं पुत्र यशांत साहू (11 वर्ष) के रूप में हुई है। मौके पर पति-पत्नी फांसी के फंदे पर लटके हुए मिले, जबकि दोनों बच्चे घर में मृत अवस्था में पड़े हुए थे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।
पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें पारिवारिक विवाद का जिक्र किया गया है। फिलहाल पुलिस सुसाइड नोट की जांच कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
अलग-अलग कमरों में मिले शव
पुलिस के मुताबिक जब घर का दरवाजा खुलवाकर अंदर प्रवेश किया गया, तब चारों के शव अलग-अलग कमरों में पड़े मिले। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि दंपति ने पहले अपने दोनों बच्चों की हत्या की और इसके बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। पूरे मोहल्ले में शोक और स्तब्धता का माहौल बना हुआ है।
आर्थिक तंगी और पारिवारिक तनाव की आशंका
प्रारंभिक पूछताछ में परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात सामने आई है। पड़ोसियों और स्थानीय लोगों के अनुसार परिवार पिछले कुछ समय से तनाव में था। पुलिस को आशंका है कि आर्थिक तंगी और पारिवारिक परेशानियों के चलते यह खौफनाक कदम उठाया गया हो सकता है। हालांकि पुलिस ने अभी आत्महत्या के पीछे की वजहों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
पुलिस ने चारों शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए दुर्ग जिला अस्पताल भेज दिया है। वहीं घर से मिले साक्ष्यों और मोबाइल कॉल डिटेल की भी जांच की जा रही है। परिजनों और पड़ोसियों से पूछताछ जारी है।


