ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोरबा, 22 मई। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कोल लेवी घोटाले में गुरुवार को रामपुर साइबर सेल पुलिस ने कोरबा के कांग्रेस नेता और ठेकेदार युगल शर्मा (45) को हिरासत में ले लिया। इसके बाद उन्हें पूछताछ के लिए रायपुर स्थित एंटी करप्शन ब्यूरो कार्यालय ले जाया गया।
जानकारी के मुताबिक, युगल शर्मा को पहले ही पूछताछ के लिए समन जारी किया गया था। गुरुवार सुबह करीब 9 बजे वह टीपी नगर क्षेत्र में सुबह की सैर से लौट रहे थे। इसी दौरान होटल विश्राम रीजेंसी के सामने पुलिस टीम ने उन्हें रोक लिया और अपने साथ लेकर रवाना हो गई।
बताया जा रहा है कि कोल लेवी घोटाले में कोरबा शहर से किसी कांग्रेस नेता के खिलाफ यह पहली बड़ी कार्रवाई है। युगल शर्मा सीएसईबी कॉलोनी के निवासी हैं और घोटाले के मुख्य आरोपी कारोबारी सूर्यकांत तिवारी के रिश्तेदार बताए जाते हैं।
सूत्रों के अनुसार, जब सूर्यकांत तिवारी ने कोल वॉशरी खरीदी थी, तब उसके संचालन की जिम्मेदारी युगल शर्मा संभाल रहे थे। इसी वजह से उनका नाम जांच एजेंसियों की सूची में शामिल हुआ। जांच एजेंसियां अब कोल कारोबार और वित्तीय लेनदेन से जुड़े पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं।


