ताजा खबर

पति की मौत का सदमा नहीं सह सकी पत्नी, दो दिन बाद लगा ली फांसी
22-May-2026 11:22 AM
पति की मौत का सदमा नहीं सह सकी पत्नी, दो दिन बाद लगा ली फांसी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 22 मई। पति की करंट लगने से हुई मौत का सदमा पत्नी सह नहीं सकी और महज दो दिन बाद उसने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

मामला पचपेड़ी थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव का है। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी किसान रामनारायण केवट की शादी करीब चार वर्ष पहले सुनीता बाई केवट से हुई थी। 17 मई को रामनारायण अपने घर में मोटर पंप चालू करने गया था। इसी दौरान वह बिजली की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

पति की अचानक मौत के बाद सुनीता पूरी तरह टूट गई थी। परिजनों के मुताबिक, वह लगातार गुमसुम रहने लगी थी और किसी से ठीक से बात भी नहीं कर रही थी। परिवार के लोग उसे संभालने और ढांढस बंधाने की कोशिश करते रहे, लेकिन पति को खोने का दुख वह सहन नहीं कर पाई।

बताया गया कि मंगलवार देर रात जब परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे, तब सुनीता ने कमरे में साड़ी का फंदा बनाकर सीलिंग फैन से लटककर आत्महत्या कर ली। देर रात जब परिजनों की नजर उस पर पड़ी तो घर में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना बुधवार सुबह पचपेड़ी पुलिस को दी गई।  

पोस्टमार्टम के बाद जब सुनीता का शव गांव पहुंचा तो माहौल बेहद गमगीन हो गया था। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


अन्य पोस्ट