ताजा खबर
28 मई से बदल जाएगी माल ढुलाई की व्यवस्था
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 22 मई। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल ने माल परिवहन व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित और ट्रैफिक दबाव कम करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। रेलवे प्रशासन ने उसलापुर स्टेशन में नया गुड्स शेड शुरू कर दिया है, जबकि बिलासपुर स्थित पुराने गुड्स शेड को 28 मई से स्थायी रूप से बंद किया जा रहा है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, उसलापुर का नया गुड्स शेड सार्वजनिक सुविधा केंद्र के रूप में कार्य करेगा। यहां व्यापारी, संस्थान और आम नागरिक अपने माल की बुकिंग और डिलीवरी दोनों कर सकेंगे। इस नए केंद्र का ALPHA एएलपीएचए कोड यूजीएसयू और न्यूमेरिकल कोड 14122915 निर्धारित किया गया है।
रेलवे ने बताया कि उसलापुर गुड्स शेड में मुख्य रूप से खाद्यान्न और उर्वरक की बुकिंग एवं हैंडलिंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इससे बिलासपुर शहर के भीतर भारी मालवाहक गतिविधियों का दबाव कम होने की उम्मीद जताई जा रही है। साथ ही माल परिवहन प्रक्रिया को अधिक सुगम और व्यवस्थित बनाने का दावा भी रेलवे ने किया है।
रेल प्रशासन ने माल भाड़ा दरों और अन्य जानकारी के लिए ग्राहकों को भारतीय रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट देखने की सलाह दी है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह ने व्यापारियों, ट्रांसपोर्टरों और आम लोगों से अपील की है कि वे 28 मई के बाद बिलासपुर गुड्स शेड के स्थान पर उसलापुर गुड्स शेड का उपयोग करें और रेलवे की माल परिवहन सेवाओं का लाभ उठाएं।


