ताजा खबर

भाजपा नेत्री ने रांची के कारोबारी पर रेप और ब्लैकमेलिंग का लगाया आरोप
22-May-2026 11:20 AM
भाजपा नेत्री ने रांची के कारोबारी पर रेप और ब्लैकमेलिंग का लगाया आरोप

खनन निवेश के लिए बढ़ी नजदीकी, ₹2.50 करोड़ लेने के बाद धमकी और वसूली का आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 22 मई। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में भाजपा से जुड़ी एक महिला नेत्री ने झारखंड के रांची निवासी कारोबारी संजय सिंह पर दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और करोड़ों रुपये की ठगी का गंभीर आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह पार्टी की सक्रिय कार्यकर्ता होने के साथ विधानसभा टिकट की दावेदार भी रह चुकी है और अक्सर दिल्ली आना-जाना होता था। करीब दो वर्ष पहले दिल्ली में उसकी मुलाकात रांची निवासी कारोबारी संजय सिंह से हुई। आरोपी ने खुद को बड़ा व्यवसायी बताते हुए खनन क्षेत्र में निवेश पर भारी मुनाफे का झांसा दिया। धीरे-धीरे दोनों के बीच संपर्क बढ़ता गया और कारोबारी ने साझेदारी के नाम पर महिला का भरोसा जीत लिया।

महिला ने आरोप लगाया कि इसी दौरान आरोपी ने दिल्ली में उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी लगातार उसे ब्लैकमेल करने लगा और पैसों की मांग करता रहा। शिकायत के अनुसार, कारोबारी ने अलग-अलग किश्तों में करीब ₹2.50 करोड़ ले लिए। रकम आरटीजीएस सहित विभिन्न माध्यमों से भेजी गई। आरोपी नकद निवेश और बड़े मुनाफे का भरोसा देता रहा, लेकिन जब महिला ने अपनी राशि वापस मांगी तो वह धमकी देने और उगाही करने लगा।

पीड़िता ने मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले में सिविल लाइन पुलिस ने अपराध दर्ज कर मोबाइल चैट, कॉल डिटेल और बैंक ट्रांजेक्शन समेत अन्य दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम आरोपी की तलाश में झारखंड भी पहुंची थी, लेकिन फिलहाल वह फरार बताया जा रहा है।


अन्य पोस्ट