ताजा खबर
रायपुर, 21 मई। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आज संचालनालय के सभाकक्ष में राज्य स्तरीय खेल संघों के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक खेल सचिव श्री यशवंत कुमार की अध्यक्षता में हुई। बैठक में खेल संचालक श्रीमती तनुजा सलाम सहित राज्य स्तरीय खेल संघों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
श्रीनगर में हुए राष्ट्रीय खेल चिंतन शिविर के निष्कर्षों के मुताबिक हुई बैठक में खेल गतिविधियों के सुव्यवस्थित संचालन एवं खिलाड़ियों के विकास से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। खेल सचिव ने सभी खेल संघों को शीघ्र वार्षिक खेल कैलेंडर तैयार कर संचालनालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।ताकि राज्य स्तर पर खेल गतिविधियों का समन्वित एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में खेल संघों से उनकी संबंधित खेल विधाओं के शीर्ष 100 खिलाड़ियों की जानकारी खेल विधाओं के आधार पर संधारित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी जिलों में जिला स्तरीय खेल संघों के गठन एवं पंजीयन की प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि खिलाड़ियों को इसका सीधा लाभ मिल सके। जिला स्तर पर खेल गतिविधियों के बेहतर संचालन एवं खिलाड़ियों को अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए खेल संघों की सक्रिय भूमिका पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में प्रतिभा पहचान (Talent Hunt) कार्यक्रमों में खेल संघों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। खिलाड़ियों के राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के प्रमाण-पत्रों की जानकारी डिजी लॉकर में अपलोड एवं संधारित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए।
बैठक में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिताओं से संबंधित जानकारी नियमित रूप से उपलब्ध कराने पर भी चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त डोपिंग के मामलों में दोषी खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों की जानकारी संधारित करने तथा एंटी-डोपिंग के प्रति जागरूकता बढ़ाने 'नो योअर मेडिसीन' (Know Your Medicine) जैसे एप के प्रभावी उपयोग पर विशेष बल दिया गया।
बैठक में श्रीमती रश्मि ठाकुर, उप संचालक खेल एवं युवा कल्याण विभाग, मोहम्मद अकरम खान, सचिव वॉलीबॉल संघ, वी.आर. चन्नावर, साइक्लिंग संघ, रवि धनकर, सॉफ्ट टेनिस संघ, प्रशांत रघुवंशी, ओलंपिक संघ के प्रतिनिधि, कयाकिंग एवं कैनोइंग संघ, नेटबॉल संघ तथा टेबल टेनिस संघ के सचिव एवं पदाधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित थे।


