ताजा खबर
रेत, मुरूम और चूना पत्थर के अवैध परिवहन पर खनिज विभाग की छापेमारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 21 मई। जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने अभियान चलाते हुए दो पोकलेन मशीन, एक जेसीबी और 20 वाहनों को जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान बिना वैध दस्तावेजों के रेत, मुरम, चूना पत्थर और मिट्टी का परिवहन करते वाहन पकड़े गए।
खनिज प्रशासन के उप संचालक किशोर गोलघाटे ने बताया कि विभाग की प्रवर्तन टीम लगातार विभिन्न क्षेत्रों में जांच अभियान चला रही है। इसी दौरान सीपत क्षेत्र के महामंद गांव में खनिज परिवहन की जांच की गई, जहां बिना ट्रांजिट पास के रेत परिवहन करते दो हाईवा वाहन पकड़े गए।
कार्रवाई के दौरान एक हाईवा को लावर चेक पोस्ट लाया गया, जबकि दूसरे वाहन का चालक बीच सड़क पर वाहन छोड़कर चाबी लेकर फरार हो गया। वाहन मालिक को तत्काल सूचना दी गई, लेकिन उसके उपस्थित नहीं होने पर तोरवा थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
मालूम हो कि 7 मई से 20 मई 2026 के बीच चकरभाठा, बोदरी, सकरी, बेलगहना, रतनखंडी, करहीकछार, सलका, पोड़ी, महामंद, लालखदान, मंगला, मस्तूरी, चौरमट्टी और लखराम क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया गया।
इस दौरान अवैध रेत परिवहन के 14 मामले, मुरूम परिवहन का एक मामला, चूना पत्थर के दो मामले और मिट्टी व ईंट परिवहन से जुड़े तीन मामलों में कार्रवाई की गई।
विभाग ने सोढ़खुर्द और करहीकछार गांव में स्वीकृत क्षेत्र से बाहर रेत उत्खनन करते दो पोकलेन मशीन जब्त कीं। वहीं चौरमट्टी क्षेत्र में अवैध मुरूम उत्खनन में लगी एक जेसीबी भी पकड़ी गई।
जब्त किए गए 12 हाईवा, 7 ट्रैक्टर और एक माजदा वाहन को सकरी, चकरभाठा, कोटा और सरकंडा थानों के साथ लावर चेक पोस्ट में सुरक्षित रखा गया है।
खनिज विभाग ने कहा है कि जिले में अवैध खनन और परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और जिला स्तरीय टास्क फोर्स को भी नियमित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।


