ताजा खबर
रनवे की रोशनी के बीच हुई सुरक्षित लैंडिंग, बिलासपुर के लिए यादगार पल रहा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 21 मई। बिलासा एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग सुविधा शुरू होने के बाद बुधवार शाम पहली बार सूर्यास्त के बाद विमान की सुरक्षित लैंडिंग हुई। रनवे की रोशनी के बीच विमान को उतरते देख एयरपोर्ट परिसर में मौजूद यात्रियों और कर्मचारियों में खासा उत्साह दिखाई दिया। इसे बिलासपुर एयरपोर्ट के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
जानकारी के मुताबिक एलायंस एयर की दिल्ली-अंबिकापुर-बिलासपुर उड़ान बुधवार को निर्धारित थी। इसके बाद विमान को सीधे बिलासपुर से दिल्ली रवाना होना था। यात्रियों ने इस उड़ान के लिए पहले से टिकट बुक करा रखे थे। लेकिन दिल्ली से आने वाला 72 सीटर विमान तकनीकी खराबी के कारण जयपुर में खड़ा हो गया। इसके बाद एयरलाइन ने उसकी जगह 42 सीटर विमान भेजा।
छोटे विमान के कारण सीटें फुल हो गई और करीब 15 यात्री दिल्ली एयरपोर्ट पर ही रह गए। यह विमान दिल्ली से अंबिकापुर होते हुए करीब साढ़े चार घंटे की देरी से शाम 4:30 बजे बिलासपुर पहुंचा और यहां से यात्रियों को लेकर दिल्ली के लिए रवाना हो गया।
दिल्ली में फंसे यात्रियों की परेशानी को देखते हुए एयरलाइन प्रबंधन ने दिल्ली-रीवा उड़ान को डायवर्ट कर बिलासपुर भेजने का फैसला लिया। यह विमान शाम 7:30 बजे बिलासा एयरपोर्ट पहुंचा। एयरपोर्ट प्रबंधन को पहले ही सूचना मिल चुकी थी, इसलिए नाइट लैंडिंग की पूरी तैयारी कर ली गई थी।
एयरपोर्ट डायरेक्टर बिरेंद्र सिंह ने बताया कि नाइट लैंडिंग सुविधा शुरू होने के बाद यह पहला मौका है जब सूर्यास्त के बाद विमान ने यहां सुरक्षित लैंडिंग की। उन्होंने कहा कि भविष्य में शाम और रात के समय भी उड़ानों के संचालन का रास्ता अब साफ हो गया है।
इस ऐतिहासिक लैंडिंग को पायलट कृष्णा मोदी ने सफलतापूर्वक अंजाम दिया। यात्रियों को उतारने के बाद विमान रात 8 बजे रीवा के लिए रवाना हो गया।
अब बिलासपुर एयरपोर्ट भी बड़े शहरों की तरह देर शाम और रात में विमान संचालन की दिशा में आगे बढ़ चुका है।


