ताजा खबर

आधी कीमत में कार दिलाने का झांसा, युवक से 25 लाख से ज्यादा की ठगी
21-May-2026 12:12 PM
आधी कीमत में कार दिलाने का झांसा, युवक से 25 लाख से ज्यादा की ठगी

सस्ती गाड़ियां और इलेक्ट्रॉनिक्स देने का दावा, फाइनेंस वाली कार थमाकर गायब हुआ आरोपी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 21 मई। सस्ती दरों पर कार, बाइक और इलेक्ट्रॉनिक सामान उपलब्ध कराने का लालच देकर एक युवक से लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है।

सकरी क्षेत्र के गोकुलधाम घुरू निवासी युवक ने परिचित पर भरोसा कर करीब 25 लाख 93 हजार रुपये दे दिए, लेकिन बदले में उसे फाइनेंस पर खरीदी गई गाड़ियां और अधूरे सौदे मिले। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फरियादी प्रतीक कुमार सोनी मुंगेली स्थित एक निजी संस्थान में मैनेजर हैं। उनकी पहचान मुंगेली निवासी लक्ष्य सोनी से थी। पारिवारिक संबंध होने के कारण दोनों के बीच भरोसे का रिश्ता था। आरोपी ने दावा किया कि वह एक कंपनी के जरिए कम कीमत में कार, बाइक और इलेक्ट्रॉनिक सामान उपलब्ध करा सकता है।

आरोपी ने प्रतीक को करीब 24 लाख रुपये कीमत वाली एमजी हेक्टर कार सिर्फ 12.22 लाख रुपये में दिलाने का झांसा दिया। अगस्त 2024 के दौरान अलग-अलग तारीखों में रकम आरोपी के बैंक खाते और यूपीआई आईडी में ट्रांसफर कराई गई। काफी समय तक टालमटोल करने के बाद नवंबर 2024 में आरोपी ने एमजी हेक्टर कार दी, लेकिन बाद में पता चला कि वाहन फाइनेंस पर खरीदा गया था।

आरोपी ने इसके बाद 18 लाख रुपये से अधिक कीमत वाली थार गाड़ी सिर्फ 7.60 लाख रुपये में दिलाने की बात कही। इसके लिए भी रकम ले ली गई, लेकिन न वाहन मिला और न पैसा वापस हुआ।

इसी तरह डिस्काउंट में स्विफ्ट कार देने के नाम पर 6.11 लाख रुपये और ले लिए गए। बाद में पता चला कि यह वाहन भी फाइनेंस से लिया गया था।

शिकायत के मुताबिक आरोपी ने तीनों वाहनों के नाम पर कुल 25.93 लाख रुपये लिए, जबकि वास्तविक भुगतान केवल 9.50 लाख रुपये ही किया गया। शेष 16.43 लाख रुपये वापस नहीं किए गए। पैसे मांगने पर आरोपी लगातार बहाने बनाता रहा।

पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने धोखाधड़ी की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


अन्य पोस्ट