ताजा खबर
सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दायर कर मांग की गई है कि टेट्रा पैक और पैकेटों में शराब बेचने पर प्रतिबंध लगाया जाए. कम्युनिटी अंगेस्ट ड्रंकन ड्राइविंग नाम के एक संगठन ने यह याचिका दायर की है, जिसपर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को याचिका पर जवाब देने के लिए कहा है.
याचिकाकर्ताओं की तरफ से पेश हुए एडवोकेट विपिन नायर ने कहा कि इस तरह के उत्पादों पर तंबाकू की तरह कोई चेतावनी नहीं होती है. उन्होंने कहा कि इन पैकेटों पर सेब जैसे फलों की तस्वीर होती है लेकिन अंदर शराब होती है. इसके बाद मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने कहा, "यह बहुत भ्रामक है. नोटिस जारी किया जाता है."
पिछले साल नवंबर में भी सुप्रीम कोर्ट ने टेट्रा पैक में शराब बेचे जाने की आलोचना की थी. कोर्ट ने कहा था कि इनके डिब्बों की पैकेजिंग फलों के जूस जैसी होती है. अब दायर हुई याचिका में मांग की गई है कि सभी राज्य और केंद्र शासित प्रदेश इस तरह की पैकेजिंग में आने वाली शराब की बिक्री पर प्रतिबंध लगाएं. (dw.com/hi)


