ताजा खबर
इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी ने इसराइल के राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतामार बेन-ग्विर की ओर से पोस्ट किए गए वीडियो की कड़ी आलोचना की है.
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, ''इसराइली मंत्री बेन ग्विर की ओर से शेयर की गई तस्वीरें नामंजूर हैं. यह बिल्कुल भी मंजूर नहीं किया जा सकता कि इन प्रदर्शनकारियों, जिनमें कई इतालवी नागरिक भी शामिल हैं, के साथ ऐसा व्यवहार किया जाए. ये मानवीय गरिमा का उल्लंघन है.''
''इटली सरकार इसमें शामिल इतालवी नागरिकों की तत्काल रिहाई सुनिश्चित करने के लिए सर्वोच्च स्तर पर सभी जरूरी कदम उठा रही है.''
''इटली इन प्रदर्शनकारियों के साथ किए गए व्यवहार और इटली सरकार की स्पष्ट मांगों की पूरी तरह अनदेखी किए जाने पर माफ़ी की भी मांग करता है. इसी कारण विदेश और अंतरराष्ट्रीय सहयोग मंत्रालय इस पूरे मामले पर औपचारिक स्पष्टीकरण मांगने के लिए तुरंत इसराइल के राजदूत को तलब करेगा.''
इसराइल के दक्षिणपंथी राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतामार बेन-ग्विर ने एक वीडियो पोस्ट किया है जिसमें वो हथकड़ी पहने और घुटनों के बल बैठे कार्यकर्ताओं का मज़ाक उड़ाते दिखाई दे रहे हैं.
इसराइल की नौसेना ने ग़ज़ा की ओर राहत सामग्री ले जा रही नावों के काफ़िले (फ़्लोटिला) में सवार फ़लस्तीन समर्थक कार्यकर्ताओं के साथ जो बरताव किया उसकी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आलोचना हो रही है. (bbc.com/hindi)


