ताजा खबर
जयपुर, 20 मई। राजस्थान के अलवर जिले के एक गांव में बुधवार को खेलते समय कार के अंदर बंद हो जाने से दो सगी बहनों की दम घुटने से मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना वैशाली नगर थाना क्षेत्र के खुड़ानपुरी गांव में हुई।
पुलिस के अनुसार बच्चियों की पहचान टीना (8) और लक्ष्मी (5) के रूप में हुई है। दोनों खेलते-खेलते पास के एक कार सर्विस सेंटर में चली गईं और वहां खड़ी एक गाड़ी में बैठ गईं। बताया गया कि कार के दरवाजे अपने आप लॉक हो गए और बच्चियां अंदर फंस गईं।
पुलिस ने बताया कि परिवार और ग्रामीणों ने बच्चियों के लंबे समय तक नहीं मिलने पर खोज शुरू की। बाद में वे कार के भीतर बेहोश मिलीं। बाहर निकालने पर पता चला कि दम घुटने से उनकी मौत हो चुकी थी।
थाना प्रभारी गुरुदत्त सैनी ने बताया कि शवों को जिला अस्पताल के मुर्दाघर में भेज दिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
बच्चियों के पिता रमेश ने बताया कि परिवार वर्तमान में खुड़ानपुरी में किराए के मकान में रह रहा था। उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी की चार साल पहले मौत हो गई थी और दोनों बेटियां ही उनका सहारा थीं। (भाषा)


