ताजा खबर

ट्रेन से भाग रहे दो करोड़ की ठगी के आरोपी बिलासपुर में दबोचे गए
20-May-2026 2:15 PM
ट्रेन से भाग रहे दो करोड़ की ठगी के आरोपी बिलासपुर में दबोचे गए

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

बिलासपुर, 20 मई। ओडिशा के कोरापुट जिले में दो करोड़ रुपए से अधिक की ठगी कर फरार हुए पांच आरोपियों को बिलासपुर की तोरवा पुलिस ने रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ट्रेन के जरिए महाराष्ट्र भागने की फिराक में थे, लेकिन ओडिशा पुलिस से मिली सूचना के बाद बिलासपुर पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।

जानकारी के अनुसार, ओडिशा के जयपुर क्षेत्र में लोन दिलाने के नाम पर करोड़ों रुपए की ठगी की शिकायत दर्ज हुई थी। मामले की जांच में सामने आया कि आरोपी कई लोगों से रकम लेकर फरार हो गए थे। इसके बाद ओडिशा पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की और संभावित लोकेशन की जानकारी बिलासपुर पुलिस को दी।

तोरवा थाना प्रभारी रजनीश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन पर मोर्चा संभाला। ओडिशा की ओर से आने वाली ट्रेनों में संदिग्धों की तलाश की गई। पुलिस को आरोपियों के हुलिए की जानकारी पहले से दी गई थी। इसी आधार पर पांच संदिग्धों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया।

पूछताछ के बाद आरोपियों की तस्वीरें ओडिशा पुलिस को भेजी गईं, जहां उनकी पहचान की पुष्टि हुई। इसके बाद सभी आरोपियों को थाने लाकर प्रारंभिक पूछताछ की गई।

तोरवा थाना प्रभारी रजनीश सिंह ने बताया कि आरोपी पड़ोसी राज्य में ठगी कर फरार हुए थे। सूचना मिलते ही बिलासपुर पुलिस सक्रिय हुई और संयुक्त कार्रवाई के चलते आरोपी बच नहीं सके। जल्द ही उन्हें आगे की कार्रवाई के लिए ओडिशा पुलिस को सौंप दिया जाएगा।

 


अन्य पोस्ट