ताजा खबर

कोयला लोडिंग के दौरान पटरी से उतरे छह पहिये, कुसमुंडा साइडिंग में मचा हड़कंप
20-May-2026 12:12 PM
कोयला लोडिंग के दौरान पटरी से उतरे छह पहिये, कुसमुंडा साइडिंग में मचा हड़कंप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोरबा, 20 मई। जिले के कुसमुंडा क्षेत्र स्थित कामका (कुसमुंडा साइलो) साइडिंग में मंगलवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कोयला लोडिंग के दौरान मालगाड़ी का इंजन पटरी से उतर गया। हादसे में इंजन के छह पहिए ट्रैक से नीचे उतर गए, जिससे कुछ समय के लिए कोयला लोडिंग और परिवहन कार्य प्रभावित रहा।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे और एसईसीएल के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। स्थिति का जायजा लेने के बाद तत्काल राहत और मरम्मत कार्य शुरू किया गया।

रेलवे की एटीआर (एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन) टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद इंजन को दोबारा ट्रैक पर चढ़ा लिया गया। इस दौरान साइडिंग में कोयला लोडिंग का काम बाधित रहा, हालांकि मुख्य रेल यातायात पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा।

कोरबा रेलवे के एआरएम उत्कर्ष गौरव ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम को तुरंत रवाना किया गया था। उन्होंने कहा कि घटना में किसी कर्मचारी को चोट नहीं आई है और सभी सुरक्षित हैं। मामले की जांच की जा रही है कि इंजन तकनीकी खराबी के कारण पटरी से उतरा या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी।

 


अन्य पोस्ट