ताजा खबर

इंस्टाग्राम से हुई दोस्ती, शादी का झांसा देकर नाबालिग से रेप
20-May-2026 12:11 PM
इंस्टाग्राम से हुई दोस्ती, शादी का झांसा देकर नाबालिग से रेप

उरगा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोरबा, 20 मई। उरगा पुलिस ने नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।  

पुलिस के अनुसार, 2 मई को उरगा थाना क्षेत्र की एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग बेटी घर से लापता है और किसी अज्ञात युवक ने उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर जांच शुरू की।

तकनीकी साक्ष्यों और सीडीआर लोकेशन के आधार पर पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान नाबालिग को रायपुर जिले के उरला थाना क्षेत्र स्थित करा गांव से सुरक्षित बरामद किया गया। बाद में उसे परिजनों को सौंप दिया गया।

पूछताछ में पीड़िता ने बताया कि उसकी पहचान आरोपी रमेश मरकाम से इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। दोनों के बीच पहले दोस्ती हुई और बाद में प्रेम संबंध बन गए। आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसे घर से भगाया और कई बार दुष्कर्म किया।

जांच में यह भी सामने आया कि पीड़िता 17 वर्ष की छात्रा है। वह घर से करीब 20 हजार रुपये लेकर आरोपी के साथ रायपुर चली गई थी, जहां दोनों दिहाड़ी मजदूरी कर रहे थे।

पुलिस ने आरोपी रमेश मरकाम, निवासी हरदीडीह, चौकी चैतमा, थाना पाली, जिला कोरबा को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 137(2), 64(2)(एम) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 के तहत मामला दर्ज किया गया है।


अन्य पोस्ट