ताजा खबर

पिता की हत्या, आरोपी बेटा बंदी
19-May-2026 8:10 PM
पिता की हत्या, आरोपी बेटा बंदी

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
महासमुंद, 19 मई।
महासमुंद जिले की सरायपाली पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझा ली है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी अनुसार कल 18 मई को जयलाल सागर उर्फ जयलाल चौहान की हत्या कर आरोपी पुत्र फरार हो गया था। जिसे आज गिरफ्तार किया गया है।

घटनाक्रम कल 18 मई की बताई गई  है। सरायपाली थाना आकर सूचक हरजीत चौहान ने इसकी सूचना दी कि रिसेकेला निवासी जयलाल सागर उर्फ जयलाल चौहान की संदिग्ध मौत हुई है।

सूचना पर मर्ग कायम कर मौका जांच के वक्त मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले। विवेचना में पता चला कि 17 मई की रात्रि मृतक के घर में मृतक व उसके पुत्र अजय सागर उर्फ अजय चौहान के बीच आपसी विवाद हुआ था।

पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि विवाद के दौरान पुत्र अजय चौहान ने अपने पिता से मारपीट की थी। उसने घर की बाड़ी से ईंट उठाकर जयलाल चौहन पर जानलेवा हमला किया था। जयलाल लहूलुहान होकर अचेत अवस्था में  जमीन में गिर गया था। इसके बाद आरोपी पुत्र फरार हो गया था।

परिजनों ने घायल को शासकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने उक्त कृत्य पर धारा 103(1)बीएनएस दर्ज कर फरार आरोपी को बोदापाली से गिरफ्तार किया है।

आरोपी अजय चौहान रिसेकेला थाना सरायपाली ने अपने बयान में पिता की हत्या करना स्वीकार किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर 19 मई को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।


अन्य पोस्ट