ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायगढ़, 19 मई। छत्तीसगढ़ समेत पूरे मध्य भारत में पड़ रही भीषण गर्मी ने जहां लोगों का जनजीवन प्रभावित कर दिया है, वहीं जंगलों में रहने वाले वन्यजीव भी इससे बेहाल नजर आ रहे हैं। बढ़ते तापमान और जंगलों में सूखते जलस्रोतों के बीच जंगली जानवर पानी की तलाश में आबादी वाले इलाकों की ओर रुख कर रहे हैं।
ऐसा ही एक नजारा छत्तीसगढ़ के रायगढ़ और ओडिशा सीमा क्षेत्र में देखने को मिला, जहां एक हाथी गांव के पास बने पानी के पोखर में पहुंच गया। तेज गर्मी से राहत पाने के लिए हाथी ने अपनी सूंड से बार-बार शरीर पर पानी डालकर स्नान किया। हाथी को इस अंदाज में नहाते देख आसपास मौजूद ग्रामीणों ने इसका वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया।
अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग हाथी के इस अंदाज को प्रकृति और बढ़ती गर्मी के असर से जोड़कर देख रहे हैं। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि भीषण गर्मी से परेशान हाथी पानी में काफी देर तक खुद को ठंडक पहुंचाने की कोशिश करता रहा।
वन्यजीव विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार बढ़ती गर्मी और जंगलों में पानी की कमी के कारण वन्यजीवों का आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आना बढ़ सकता है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और वन्यजीवों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी जा रही है।


