ताजा खबर
मुआवजे की मांग पर चार घंटे तक शव नहीं उठाने दिया, विधायक की मौजूदगी में बनी सहमति
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
कोरबा, 19 मई। कोरबा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित गोधी में एक फ्लाई ऐश ईंट फैक्ट्री में काम के दौरान हुए हादसे में महिला मजदूर की मौत हो गई। घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में भारी हंगामा खड़ा हो गया। परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर करीब चार घंटे तक शव उठाने से इनकार कर दिया।
जानकारी के मुताबिक हादसा प्रेम इंटरप्राइजेज फ्लाई ऐश ब्रिक फैक्ट्री में सोमवार दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच हुआ। उस समय मशीन की सफाई का काम चल रहा था। इसी दौरान मशीन का भारी लीवर अचानक गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आने से महिला मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की खबर मिलते ही महिला का पति, उसका नाबालिग बेटा अयांश और गांव के लोग फैक्ट्री पहुंच गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने उचित मुआवजे की मांग करते हुए शव उठाने से मना कर दिया। देखते ही देखते फैक्ट्री परिसर में तनावपूर्ण माहौल बन गया।
करीब चार घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद रामपुर विधायक फूल सिंह राठिया मौके पर पहुंचे। उनकी मौजूदगी में फैक्ट्री प्रबंधन और ग्रामीणों के बीच बातचीत हुई, जिसके बाद समझौता हुआ।
समझौते के तहत फैक्ट्री संचालक प्रदीप अग्रवाल ने तत्काल 75 हजार रुपये नकद सहायता देने, मृतका के बेटे आयांश के नाम पर 2 लाख रुपये की एफडी कराने, 18 वर्ष की आयु तक हर महीने 1500 रुपये भरण-पोषण राशि देने और बालिग होने पर नौकरी देने की सहमति दी।
इसके बाद ग्रामीणों ने अपना आंदोलन समाप्त किया और पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू की।


