ताजा खबर

दिल्ली में टैक्सी ड्राइवर यूनियन ने किया तीन दिन की हड़ताल का एलान, ये है मांग
19-May-2026 12:10 PM
दिल्ली में टैक्सी ड्राइवर यूनियन ने किया तीन दिन की हड़ताल का एलान, ये है मांग

दिल्ली में कमर्शियल गाड़ियों की ड्राइवर यूनियन ने 21 मई से 23 मई तक तीन दिन की हड़ताल करने का एलान किया है.

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, ड्राइवर यूनियन की मांग है कि पेट्रोल-डीज़ल के बढ़ते दामों को देखते हुए टैक्सी और ऑटो का किराया बढ़ाया जाए.

ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस ने सोमवार को दिल्ली के लेफ़्टिनेंट गवर्नर तरनजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को पत्र लिखकर अपनी मांगें रखीं.

चालक शक्ति यूनियन के उपाध्यक्ष अनुज कुमार राठौड़ ने कहा, "सीएनजी, पेट्रोल और डीज़ल के लगातार बढ़ते दामों की वजह से मिडिल क्लास ड्राइवर अपने परिवार का ख़र्च चलाने में मुश्किल झेल रहे हैं."

उन्होंने कहा, "दिल्ली की अन्य संस्थाओं के साथ मिलकर चालक शक्ति यूनियन ने चक्का जाम (हड़ताल) का एलान किया है और अपील की है कि 21, 22 और 23 मई को गाड़ियां न चलाएं."

मंगलवार को क़ीमतों में इज़ाफ़ा होने के बाद दिल्ली में पेट्रोल के दाम 87 पैसे बढ़कर 98.64 रुपये प्रति लीटर हो गए हैं. डीज़ल के दाम 91 पैसे बढ़कर 91.58 रुपये प्रति लीटर हो गए हैं.

इससे पहले शुक्रवार को पेट्रोल और डीज़ल की क़ीमतों में तीन-तीन रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट