ताजा खबर
महाराष्ट्र के पालघर में मुंबई-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर हुए एक हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना पर दुख जताया है.
उन्होंने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता का एलान किया है.
सीएम फडणवीस ने इस हादसे की जानकारी देते हुए एक्स पर लिखा, "मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर पालघर के दहानू में टेंपो और कंटेनर की टक्कर में 13 लोगों की मौत बेहद दुखद है."
उन्होंने बताया, "इस घटना में क़रीब 20 लोग घायल हुए हैं. उन्हें कासा के उप-जिला अस्पताल और धुंदलवाड़ी के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है."
उन्होंने कहा, "मैं लगातार ज़िला प्रशासन के संपर्क में हूं. पुलिस अधीक्षक ख़ुद घटनास्थल पर मौजूद थे. वहां राहत और बचाव अभियान पूरा कर लिया गया है. मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि घायल लोग जल्द स्वस्थ हों."
बीबीसी न्यूज़ मराठी के मुताबिक़, हादसे में मारे गए लोग एक सगाई समारोह में शामिल होने जा रहे थे.
बीबीसी मराठी से बात करते हुए पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख ने बताया कि यह घटना सोमवार (18 मई) दोपहर 3.30 से 4 बजे के बीच घटी. (bbc.com/hindi)


